
30 से 13 फरवरी तक चलेगा कुष्ठ मुक्त जागरूकता पखवाड़ा अभियान

बदायूं। राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद को कुष्ठ मुक्त बनाने के उद्देश्य से 30 से 13 फरवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता पखवाड़ा अभियान चलाया जाएगा। जागरूकता पखवाड़े में स्कूलों, ग्रामों एवं विभिन्न स्थानों पर गोष्ठियां कर जनमानस को कुष्ठ के प्रति कुष्ठ विभाग जागरूक करेगा तथा संदिग्ध कुष्ठ रोगी मिलने पर निशुल्क जांच एवं उपचार किया जाएगा। उनकी भ्रांतियां दूर की जाएगी कि कुष्ठ रोग छुआछूत का रोग नहीं है और न ही पूर्व जन्मों के पापों का फल है । यह आम रोगों की तरह ही एक सामान्य रोग है जो एमडीटी खाने से पूर्णतया ठीक हो जाता है। समय से यदि कुष्ठ रोगी का इलाज हो जाए तो वह विकलांगता से बच जाता है। कुष्ठ से विकलांगता एवं बच्चा रोगी शून्य हो जाए यही उपरोक्त कार्यक्रम का उद्देश्य है इसको सफल बनाने के लिए जिला कुष्ठ परामर्शदाता डॉक्टर सुधीर कुमार गुप्ता आपनी टीम के साथ प्रयासरत हैं।
जिला कुष्ठ अधिकारी डॉक्टर मोहन झा ने बताया कि कुष्ठ जागरूकता अभियान की तैयारियां पूर्ण कर ली गई है। 30 जनवरी को प्रातः 11:00 बजे महात्मा गांधी की पुण्यतिथि को कुष्ठ निवारण दिवस के रूप में मनाते हुए सीएमओ डॉ रामेश्वर मिश्रा कार्यालय में सभी को एकत्रित कर जिलाधिकारी का संदेश पढ़कर कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे । प्रतिज्ञा कराएंगे कि हम सभी कुष्ठ मुक्त भारत बनाने में अपना अहम योगदान देंगे । कुष्ठ रोगी से भेदभाव नहीं करेंगे “भेदभाव समाप्त कर गरिमा सुनिश्चित करेंगे “और उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाने का प्रयास करेंगे तथा स्पर्श कुष्ठ जागरूकता कार्यक्रम के उद्देश्य को साकार करेंगे।




