
छोटी-छोटी लापरवाहियां बन सकती हैं बड़े हादसों का कारण: एआरटीओ हरिओम

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत एआरटीओ हरिओम ने किया रजत बाल विद्या मंदिर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बदायूं। उझानी क्षेत्र में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत शुक्रवार को रजत बाल विद्या मंदिर में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजित किया गया। इसमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया और उन्हें सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन ना चलाएं सड़क पार करते समय ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करे और ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की भी सलाह दी गई।

एआरटीओ हरिओम ने बताया कि छोटी-छोटी लापरवाहियां बड़े हादसों का कारण बन सकती हैं। उन्होंने जोर दिया कि सड़क पर हमेशा सतर्क और अनुशासित रहना आवश्यक है। उन्होंने समझाया कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए बेहद ज़रूरी है।

हरिओम ने कहा कि सुरक्षित व्यवहार अपनाकर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और नियमों को जानने में गहरी रुचि दिखाई। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्रों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
विद्यालय प्रबंधक शिव कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर इंजीनियर रजत गुप्ता, सौरभ गुप्ता, पल्लवी गुप्ता, परिवहन विभाग के प्रवर्तन कार्मिक सहित समस्त विद्यालय स्टाफ मौजूद था।



