संदिग्ध हालात में चौकीदार की मौत, कोठरी में खून से लथपथ मिला शव

बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के मुजरिया मार्ग स्थित खेत में बनी टूबैल कोठरी के अंदर 65 वर्षीय चौकीदार सुरेन्द्र का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई ।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी। चौकीदार की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने चौकीदार की मौत को लेकर किसी अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों के मुताबिक मृतक पिछले करीब 20 सालों से खेत में बनी टूबैल कोठरी में रहकर चौकीदारी की नौकरी कर रहा था।

वहीं बिल्सी निवासी व्यापारी नरेश कुमार ने बताया कि मुजरिया सीमा पर उनका खेत है, जिसमे उन्होंने फार्म हाउस बना रखा है। यहां गाय, भैंस आदि का पालन करते हैं। प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार सुबह सात बजे करीब दूध लेने पहुंचे थे। फार्महाउस में बने कमरे का दरवाजा बंद था। आवाज लगाई कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर जब उन्होंने दरवाजे से झांककर देखा तो अंदर चौकीदार सुरेंद्र सिंह का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा था। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला मुख्यालय भेज दिया है।




