
बिनावर में पुलिस की लापरवाही से 2 घंटे लगा महाजाम, फंसी रहीं तीन एंबुलेंस

बदायूं। कस्बा बिनावर में राम नवमी के पावन अवसर पर एक ओर लोग भक्तिभाव में लीन थे, वहीं कस्बे की पुलिस की भारी लापरवाही के चलते आम जनता को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। बरेली-बदायूं हाईवे पर अचानक लगे लगभग 2 किलोमीटर लंबे जाम ने यातायात व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।
एंबुलेंस में तड़पते रहे मरीज
लगभग 2 घंटे तक लगे इस भीषण जाम में तीन एंबुलेंस फंसी रहीं, जिनमें गंभीर मरीज मौजूद थे। इसके अलावा दर्जनों निजी वाहन और यात्री घंटों तक सड़क पर फंसे रहे। भीषण गर्मी और जाम के बीच फंसे राहगीरों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि इतने बड़े पर्व पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती न होने और यातायात प्रबंधन की कमी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
जिम्मेदारों ने साधी चुप्पी
हैरानी की बात यह रही कि जब इस अव्यवस्था और यात्रियों की परेशानी को लेकर थाना बिनावर प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने कोई भी जवाब देना उचित नहीं समझा। पुलिस की इस बेरुखी और लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों और राहगीरों में भारी आक्रोश व्याप्त है।




