दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, चार युवक गंभीर रूप से घायल

दो बाइकों की भीषण भिड़ंत, चार युवक गंभीर रूप से घायल

बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव गाभियाई पेट्रोल पंप के समीप दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई जिसमें चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक रॉयल एनफील्ड बुलेट और दूसरी हीरो ग्लैमर बताई जा रही है। विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही दोनों बाइकें गाभियाई पेट्रोल पंप के ठीक सामने मोड़ पर आपस में टकरा गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े।
घायलों की पहचान मुशीर (पुत्र शकील), निवासी ककराला, भूरा (पुत्र छोटे), निवासी ककराला, वार्ड-7, मुन्तक़िप (पुत्र कल्लू ख़ां), निवासी ककराला, वार्ड-16, जावेद (पुत्र नजमुल्ल ख़ान), निवासी ककराला, वार्ड-22 (थाना अलापुर) के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे एंबुलेंस की प्रतीक्षा किए बिना परिजनों ने निजी वाहनों से चारों को जिला अस्पताल भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार चारों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें गहन निगरानी में रखा गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गाभियाई पेट्रोल पंप के पास सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार में दोपहिया वाहन गुजरते हैं और मोड़ पर दृश्यता कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। अलापुर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण प्रतीत हो रही है; तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



