बदायूंराजनीति

सपा सांसद की पहल कामयाब,बदायूं से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा को मिली स्वीकृति

सपा सांसद की पहल कामयाब,बदायूं से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा को मिली स्वीकृति


बदायूं। बदायूं से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा को आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई। लंबे समय से लंबित इस महत्वपूर्ण मांग को क्षेत्र के सपा सांसद आदित्य यादव ने लोकसभा में प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद रेल मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए यह बड़ा निर्णय लिया। यह रेल सेवा न केवल बदायूं बल्कि आसपास के कई जनपदों के लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आएगी, जो अब तक दिल्ली जाने के लिए जटिल और समय लेने वाले विकल्पों पर निर्भर थे। लंबे समय से राजधानी दिल्ली से सीधी रेल सेवा की मांग थी l क्षेत्र के लोगों को या तो अन्य जिलों के रास्ते यात्रा करनी पड़ती थी या फिर बसों एवं निजी साधनों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी। इस समस्या को देखते हुए सांसद आदित्य यादव ने इसे जनहित का प्रमुख मुद्दा बनाकर संसद में उठाया।
लोकसभा की कार्यवाही के दौरान सांसद आदित्य यादव ने तथ्यों और आंकड़ों के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि बदायूं एक बड़ा जनपद है, जहां से प्रतिदिन हजारों लोग शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और व्यापारिक कार्यों के लिए दिल्ली जाते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सीधी रेल सेवा के अभाव में लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि बदायूं को दिल्ली से जोड़ने के लिए शीघ्र रेल सेवा शुरू की जाए, ताकि क्षेत्रीय असंतुलन को दूर किया जा सके और विकास को गति मिल सके।
सांसद आदित्य यादव की मांग को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय ने बदायूं-दिल्ली रेल सेवा को स्वीकृति प्रदान दे दी। मंत्रालय के इस निर्णय को क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस नई रेल सेवा से बदायूं के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी। व्यापारियों को दिल्ली के बाजारों तक आसान पहुंच मिलेगी, छात्रों को उच्च शिक्षा संस्थानों तक पहुंच में सुविधा होगी, मरीजों को बेहतर इलाज के लिए राजधानी जाना आसान होगा, पर्यटन और स्थानीय रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
बदायूं से दिल्ली रेल सेवा की स्वीकृति केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, प्रगति और संभावनाओं के द्वार खोलने वाला निर्णय है। सांसद आदित्य यादव का इस पहल को जनहित में उठाया गया एक बड़ा और प्रभावशाली कदम है, जिसका लाभ आने वाले वर्षों में लाखों लोगों को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!