बदायूं से अजमेर तक सीधी बस सेवा शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत

बदायूं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा एवं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम बदायूं के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश पाठक के अथक प्रयासों से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बदायूं डिपो से राजस्थान के लिए नई एक्सप्रेस बस सेवा शुरू कर दी गई है। यह सेवा बदायूं सहित आसपास के जिलों के लोगों के लिए काफी राहत भरी साबित होगी।

जारी आदेश के अनुसार यह बस सेवा बरेली से संचालित होकर बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा, बालाजी मंदिर होते हुए जयपुर और अजमेर तक जाएगी।
समय-सारिणी के अनुसार बस सुबह 4:30 बजे से 5 बजे बरेली से प्रस्थान कर बदायूं सुबह 6:00 पहुंचते हुए आगे निर्धारित मार्गों से होकर रात में अजमेर पहुंचेगी। वहीं वापसी में बस अजमेर से सुबह रवाना होकर जयपुर, मथुरा, बदायूं होते हुए बरेली पहुंचेगी।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस नई सेवा से यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा, साथ ही समय की भी बचत होगी। इसके अलावा विभाग द्वारा अन्य मार्गों पर भी बस संचालन की व्यवस्था की गई है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और बेहतर हो सके।
इस सेवा के शुरू होने से खासकर बरेली बदायूं से राजस्थान बालाजी दरबार एवं अजमेर शरीफ जाने वाले यात्रियों में खुशी का माहौल है और उन्हें अब बार-बार बस बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।




