वन विभाग ने पकड़ी नीम की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार्रवाई शुरू

वन विभाग ने पकड़ी नीम की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार्रवाई शुरू

बदायूं। कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में आए दिन हरे पेड़ों के अवैध कटान की घटनाएं सामने आ रही हैं।

ताजा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गांव मौजुमपुर छज्जू का है। सोमवार को गांव में एक व्यक्ति के यहां खड़े नीम के हरे पेड़ को लकड़ी माफियाओं द्वारा काट दिया गया और लकड़ी को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लाद लिया गया। घटना की सूचना किसी स्थानीय व्यक्ति ने नवादा चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वन विभाग की टीम को अवगत कराया। इसके बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने नीम की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि नवादा चौकी क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं द्वारा हरे पेड़ों का अवैध कटान तेजी से किया जा रहा है। वन दरोगा आदित्य गंगवार ने बताया कि नीम की लकड़ी से लदी ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही क्षेत्र में लकड़ी माफियाओं के खिलाफ छापेमारी अभियान भी जारी रहेगा।


