कुष्ठ रोगियों को स्काउट संस्था ने बांटा दैनिक उपयोग का सामान और भोजन

कुष्ठ रोगियों को स्काउट संस्था ने बांटा दैनिक उपयोग का सामान और भोजन

निस्वार्थ सेवा युवाओं में चरित्र, अनुशासन और करुणा की भावना करती है विकसित : संजीव
बदायूं : भारत स्काउट और गाइड संस्था के तत्त्वावधान में रविवार को कछला स्थित मां भागीरथी गंगा तट के दोनों ओर बने कुष्ठाश्रमों में मानवता और सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। स्काउट टीम ने 105 कुष्ठ रोगियों को दैनिक उपयोग की सामग्री तथा पौष्टिक भोजन वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्काउट संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिला मुख्यायुक्त महेश चंद्र सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर स्काउट टीम को स्काउट भवन से रवाना कर किया। टीम के पहुंचते ही कुष्ठाश्रम में राहत और संवेदना का माहौल बन गया। जिला मुख्यालय आयुक्त प्रेमपाल सिंह, वरिष्ठ सदस्य ओमप्रकाश शर्मा, जिला संगठन कमिश्नर (स्काउट) मोहम्मद असरार के नेतृत्व में स्काउट टीम ने कुष्ठ रोगियों को नहाने और कपड़े धोने का साबुन, चाय पत्ती, पट्टियां सहित अन्य जरूरी सामान प्रदान किया। इसके बाद ताजा बना गरमागरम पौष्टिक भोजन परोसा गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि सेवा वह साधना है जो दूसरों की खुशी और भलाई के लिए बिना किसी स्वार्थ के की जाती है। सेवा जीवन को सुंदर बनाती है और मन को शांति देती है। स्काउटिंग का धर्म देशसेवा और मूल मंत्र जरुरतमंदों की सहायता करना है। ऐसे कार्य न केवल मानवता को मजबूती देते हैं, बल्कि युवाओं के भीतर चरित्र, अनुशासन और करुणा की भावना भी विकसित करते हैं। कछला कुष्ठाश्रम पर कुष्ठरोगियों को भोजन और दैनिक उपयोग का सामान वितरण करते पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा, प्रेमपाल सिंह व ओमप्रकाश शर्मा। आईटी शमशाद हुसैन, नेत्रपाल व सदस्य आदि मौजूद रहे।



