पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 20 अगस्त को सफाई कर्मचारियों की मोटरसाइकिल रैली


बदायूं। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जिला शाखा बदायूं की बैठक के बाद पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर 20 अगस्त को मोटरसाइकिल रैली निकालने का निर्णय लिया गया है। संघ के जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने बताया कि रैली के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार से कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई जाएगी। रैली 20 अगस्त को सुबह नौ बजे रानी लक्ष्मीबाई चौराहे, बदायूं से शुरू होकर दोपहर 3:30 बजे तक चलेगी। इसमें जिले के पंचायत राज विभाग में कार्यरत करीब 1600 सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले शामिल होंगे।रैली के दौरान जिलाधिकारी बदायूं के कार्यालय तक पहुंचकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में नई पेंशन व्यवस्था (एनपीएस) और यूपीएस का विरोध करते हुए पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल किए जाने की मांग की जाएगी।संघ जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने बताया कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों के हित और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। उन्होंने जिले के सभी सफाई कर्मचारियों से रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।बैठक में जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार शर्मा, जिला संगठन मंत्री मथुरा सिंह, जिला मंत्री रामकुमार, जिला उपाध्यक्ष धर्मवीर वाल्मीकि, लल्लू सिंह, प्रमोद कुमार प्रजापति, मुकेश कुमार दिवाकर सहित संघ के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




