स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ पर होगी सख्त कार्रवाई


बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी बदायूं के निर्देश पर स्कूली वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर 2.0 के तहत परिवहन विभाग ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कुल 30 स्कूली वाहनों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन स्कूली वाहनों के चालान किए गए, जबकि क्षमता से अधिक भार ले जाने वाले दो वाहनों को ओवरलोडिंग के अभियोग में सीज कर दिया गया।इसके अलावा सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बिना हेलमेट और बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वाले 42 वाहनों के चालान किए गए।

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और जनसामान्य से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।विभाग ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करने, तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




