आईजीआरएस जनसुनवाई में बदायूं पुलिस पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम
बदायूं,। जनसुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण के मामले में जनपद बदायूं पुलिस ने जून 2026 के शासन स्तर के मूल्यांकन में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी जून 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण में बदायूं पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 135 में से 135 अंक अर्जित किए। इस उपलब्धि के साथ जनपद ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में पहला स्थान हासिल किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपद के सभी 22 थानों ने भी बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मूल्यांकन में शिकायतों की मार्किंग एवं अग्रसारण, डिफॉल्टर मुक्त निस्तारण, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा श्रेणीकरण, रैंडम जांच, कार्यवाही, जनता दर्शन फीडिंग, प्रोफाइल अपडेट तथा फील्ड विजिट रिपोर्ट सहित सभी मानकों पर बदायूं पुलिस को पूर्ण अंक प्राप्त हुए।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने नोडल अधिकारी पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक अशोक कुमार काम्बोज तथा आईजीआरएस यूनिट के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।




