बदायूंयूपीराजनीति

भाजपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

भाजपा का जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान

रोहिलखण्ड प्रभात ब्यूरो 

बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा महान राष्ट्रनायक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत “स्मृति पक्ष” अभियान के तहत आर.के. रिसोर्ट (कृष्णा लॉन) में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में स्वतंत्र प्रभार (राज्यमंत्री) एवं प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह तथा बिल्सी विधायक हरीश शाक्य सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा व्यक्त की।

 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र प्रथम, सांस्कृतिक चेतना, शिक्षा और राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी के विचार आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक हैं तथा प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि उनके आदर्शों और राष्ट्रभक्ति की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाए।

 

केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने वर्ष 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी विचारधारा को संगठित स्वरूप दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित कार्यकर्ता है और डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है।

 

बिल्सी विधायक एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा ब्रज हरीश शाक्य ने कहा कि स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में डॉ. मुखर्जी ने देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को दिशा दी।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति है। प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व मिलने पर उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान बदायूँ के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र प्रथम, सेवा, समर्पण और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के विचारों को लेकर निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा और संगठन की भावना के साथ समाज के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।

 

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता तथा दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री शैलेन्द्र मोहन शर्मा ने किया।

 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, पूर्व विधायक प्रेमस्वरूप पाठक, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य हरप्रसाद सिंह पटेल, डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, डीसीडीएफ चेयरमैन रविन्द्र पाल सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम यादव, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!