सेफ फ्यूचर अभियान में बड़ी कार्रवाई, 3 स्कूली वाहन और 5 ओवरलोड माल वाहन सीज

सेफ फ्यूचर अभियान में बड़ी कार्रवाई, 3 स्कूली वाहन और 5 ओवरलोड माल वाहन सीज

बदायूं। उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चलाए जा रहे “सेफ फ्यूचर अभियान” के तहत परिवहन विभाग ने मंगलवार को स्कूली वाहनों और ओवरलोड माल वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन) हरिओम और यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान फिटनेस प्रमाणपत्र न होने पर 3 स्कूली वाहनों को सीज कर उप संभागीय परिवहन कार्यालय में खड़ा कराया गया। वहीं 8 अन्य स्कूली वाहनों के चालान भी किए गए।

इसके अलावा ओवरलोडिंग के खिलाफ चलाए गए अभियान में 5 माल वाहनों को थाना फैजगंज बेहटा, थाना बिसौली और परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया। इस कार्रवाई के दौरान करीब 3 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा कराया गया।
परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि विद्यालय वाहनों का संचालन विद्यालययान नियमावली-2019 के अनुरूप करें। जिन वाहनों की फिटनेस, बीमा, परमिट या अन्य आवश्यक दस्तावेज समाप्त हो चुके हैं, उन्हें पूर्ण कराने के बाद ही सड़क पर उतारें। साथ ही वाहन निर्धारित गति सीमा में चलाएं और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें।




