

बदायूं। जगत ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय इस्लामगंज में बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जर्जर भवन में बैठे स्कूली बच्चों को देखकर नाराजगी जताई। बच्चों को जर्जर भवन में बैठाए जाने पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका सरस्वती आर्य को फटकार लगाते हुए बच्चों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।

विद्यालय की अन्य व्यवस्थाएं निरीक्षण के दौरान संतोषजनक पाई गईं। बीएसए ने शिक्षण कार्य को बेहतर बनाए रखने तथा बच्चों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने मिड-डे मील की गुणवत्ता भी परखी। इसके अलावा स्कूली बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता जांचने के लिए ब्लैक बोर्ड पर सवाल कराए गए और बच्चों से किताबें पढ़वाकर उनके शैक्षिक स्तर का परीक्षण किया गया।




