धर्मबदायूं

सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब; एएसपी सिटी ने किया कांवड़ कंट्रोल रूम का उद्घाटन

सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब; एएसपी सिटी ने किया कांवड़ कंट्रोल रूम का उद्घाटन

रोहिलखण्ड प्रभात संवाददाता 

बदायूं। सावन के पहले सोमवार पर पूरे बदायूं जिले में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ का जयघोष गूंज उठा। कछला गंगाघाट से जल भरकर आ रहे हजारों कांवड़ियों और शिवभक्तों की भारी भीड़ से सभी शिवालय गुलजार रहे। इस पावन अवसर पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। रविवार देर रात अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने शहर के लालपुल पर विशेष कांवड़ यात्रा कंट्रोल रूम एवं पुलिस सहायता केंद्र का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया।

शिवालयों में उमड़ी भारी भीड़, डाक कांवड़ का दिखा उत्साह

ब्रह्ममुहूर्त से ही शहर के ऐतिहासिक शहस्त्र गौरीशंकर देवालय, बिरुआबाड़ी मंदिर, उझानी के बुर्रा फरीदपुर, बड़े महादेव मंदिर और शाहजहांपुर सीमा पर स्थित प्रसिद्ध पटना देवकली मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भक्तों ने भगवान शिव का गंगाजल, बेलपत्र और धतूरे से जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। कादरचौक से लेकर पटना देवकली मंदिर के रास्तों पर डीजे की धुन पर थिरकते और डाक कांवड़ लेकर दौड़ते शिवभक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

लालपुल पर खुला चौबीस घंटे सक्रिय रहने वाला हाईटेक कंट्रोल रूम

 

कांवड़ियों की सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के लिए लालपुल पर स्थापित किया गया कंट्रोल रूम चौबीसों घंटे काम करेगा। उद्घाटन के दौरान एएसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह के साथ क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पांडेय और कोतवाली प्रभारी संजय कुमार सिंह मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कांवड़ियों के साथ अत्यंत संवेदनशील, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने के सख्त निर्देश दिए हैं।पुलिस ने की पुष्पवर्षा, कांवड़ियों को बांटे फलकंट्रोल रूम के उद्घाटन के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मार्ग से गुजर रहे शिवभक्त कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय स्वागत किया और फल वितरित किए। इस पुलिस सहायता केंद्र पर श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए पंखे, बैठने की कुर्सियां, स्वच्छ पेयजल, प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सहायता जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम और रूट डायवर्जन लागू

 

सुरक्षा के लिहाज से पूरे जिले को 6 जोन और 32 सेक्टरों में विभाजित कर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बरेली-मथुरा हाईवे पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है, जिसके तहत भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। एएसपी सिटी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता की स्थिति में वे तुरंत निकटतम पुलिस सहायता केंद्र या डायल-112 पर संपर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!