
सीडीओ ने किया जिला महिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, बदहाली पर सख़्त

खराब आरओ, बंद पड़े पंखे और बंद एसी देख जताई नाराजगी, सीएमएस को तत्काल कमियां सुधार कर रिपोर्ट देने के सख्त निर्देश
बदायूं। जिला महिला अस्पताल का मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला ने मंगलवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अस्पताल में भारी अव्यवस्थाएं और गंदगी मिलने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को सभी कमियों का तत्काल निस्तारण कर अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को पीने के पानी के लिए स्थापित आरओ खराब पाया गया, जिसके आसपास भारी गंदगी और साफ-सफाई का अभाव मिला। इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए सीडीओ ने अस्पताल के सभी शौचालयों को पूरी तरह क्रियाशील रखने और उनकी नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मरीजों की सहूलियत के लिए बंद पंखे और एसी तुरंत चालू न होने से जताई नाराजगी
अस्पताल की ओपीडी और वार्डों में उमस के बीच मरीजों को हो रही परेशानी पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा प्रतीक्षालय कक्ष, लेबर रूम तथा एसएनसीयू के प्रतीक्षालय के सामने द्वितीय एवं तृतीय मंजिल पर बंद पड़े पंखों को तत्काल चालू कराएं निरीक्षण में यह भी सामने आया कि लेबर रूम में लगे दोनों एसी बंद पड़े थे। इसके अलावा पीएनसी वार्ड के प्रतीक्षालय में मरीजों और उनके तीमारदारों के बैठने के स्थान पर पंखे नहीं लगे थे,जल्द पंखे लगाने की हिदायत दी है।
समय से आएं डॉक्टर, महिला नसबंदी कार्यक्रम की बढ़ाएं प्रगति
मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने महिला नसबंदी कार्यक्रम की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए फटकार लगाई इसमें तेजी लाने और प्रतिदिन प्रभावी मॉनिटरिंग करने को कहा। निरीक्षण के समय जिला महिला अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधीक्षक स्टाफ मौजूद रहा।




