गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ता सामने आने से पलटी टैक्सी, दो महिलाओं समेत तीन की मौत


बदायूं।वजीरगंज थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के करीब तीन बजे चैनल नंबर 175 पर कुत्ता अचानक सामने आने से नौ सवारियों से भरी अर्टिगा टैक्सी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य सवार घायल हो गए।जानकारी के अनुसार अर्टिगा टैक्सी संख्या CH02AA4318 में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। सभी नेपाल के रुपैड़िया से चंडीगढ़ जा रहे थे। चैनल नंबर 175 के पास अचानक कुत्ता सामने आने पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टैक्सी पलट गई। हादसे में दीपना खात्री (32) पत्नी नेमबहादुर निवासी ग्राम बेलवा, जिला डांग, थाना तुलसीपुर, नेपाल और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल एवं एक अज्ञात समेत तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई।हादसे में शामिल लोगों में चालक दीपक ओली (28) पुत्र नरेश, निवासी ग्राम पंचकूला, थाना तुलसीपुर, जिला हांग, नेपाल, हाल निवासी माजरा, 1119/3 मनीमाजरा, चंडीगढ़; पुष्पा (40) पत्नी सुनील, निवासी जूगर, थाना जूगर, जिला रोलया, नेपाल; ज्ञान बहादुर मल्ल (22) पुत्र पोखर बहादुर मल्ल, निवासी गोते, थाना बेलवा, जिला तुलसीपुर, नेपाल; यादव पोडे (22) पुत्र नोवराज, निवासी गोते, थाना बेलवा, जिला तुलसीपुर, नेपाल; विनोद (2) पुत्र नेमबहादुर; सिमोन (10) पुत्र विशाल; दीपना खात्री (32) पत्नी नेमबहादुर; विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल तथा एक 22 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति शामिल थे। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से मृतकों के शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज भेजे गए, जबकि घायलों को जिला अस्पताल बदायूं भेजा गया। मृतकों के शव सीएचसी वजीरगंज में रखे गए हैं। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया गया है।




