
निजी नर्सिंग होम में प्रसव के दौरान नवजात शिशु की मौत नर्सिंग होम सील

पीड़ित ने थाना अध्यक्ष को दी तहरीर, स्वास्थ्य कर्मियों व डॉक्टर पर मिलीभगत और धमकी का आरोप मुकदमा दर्ज
कादरचौक CHC पर गंभीर आरोप: प्रसव के दौरान लापरवाही, निजी अस्पताल भेजने और वसूली का मामला, नवजात की मौत का दावा
बदायूं। थाना कादरचौक क्षेत्र से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के गांव ललसी नगला निवासी छोटेलाल ने थाना अध्यक्ष कादरचौक को एक शिकायती पत्र देकर प्रसव के दौरान लापरवाही, धोखाधड़ी, अवैध वसूली और धमकी दिए जाने के आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार, 26 अप्रैल 2026 को सुबह करीब 7 बजे छोटेलाल अपनी गर्भवती पत्नी को सरकारी एम्बुलेंस (108) के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कादरचौक लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां तैनात स्टाफ—शर्मीला (ANM) और बबीता दाई—ने जबरन उनकी पत्नी को एक निजी वाहन (UP-25 DW 5100) में बैठाकर राधिका हॉस्पिटल नामक निजी अस्पताल भेज दिया। वहीं पीड़ित का आरोप है कि निजी अस्पताल पहुंचने पर उनसे ₹15,000 की मांग की गई और पैसे न देने पर डराया-धमकाया गया। इतना ही नहीं, छोटेलाल ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रसव के दौरान एक अज्ञात महिला को उनकी पत्नी के पेट पर बैठाया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
मामले का सबसे दुखद पहलू यह है कि शिकायतकर्ता के अनुसार लापरवाही के चलते उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। छोटेलाल का यह भी कहना है कि जब उन्होंने इस संबंध में सवाल उठाए, तो उन्हें धमकी दी गई कि उनकी पत्नी को “जहर का इंजेक्शन” देकर मार दिया जाएगा।
शिकायत में CHC कादरचौक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी (MOIC) डॉ. अवधेश राठौर और उनके परिवार पर भी मिलीभगत के आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकद्दमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है व मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नर्सिंग होम को सील कर एमओआईसी को सीएचसी से हटा दिया है बताया जा रहा है कि एमओआईसी अवधेश राठौर की बहन के द्वारा संचालित किया जा रहा था राधिका नर्सिंग होम वही नवजात शिशु की मौत के मामले में जिलाधिकारी ने संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।



