भामाशाह सेवा समिति ने कराया यात्री शेड का जीर्णोद्धार, राहगीरों को मिली राहत

भामाशाह सेवा समिति ने कराया यात्री शेड का जीर्णोद्धार, राहगीरों को मिली राहत

बदायूं। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए श्री भामाशाह सेवा समिति ने स्थानीय भामाशाह चौक पर यात्री शेड का जीर्णोद्धार कर उसका शुभारंभ कराया। नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने फीता काटकर यात्री शेड का उद्घाटन किया और समिति के इस जनहित कार्य की सराहना की।

समिति के संस्थापक दिनेश चंद्र गुप्ता उर्फ बंटी ने बताया कि भामाशाह चौक शहर का प्रमुख चौराहा है, जहां चारों दिशाओं से आने-जाने वाले राहगीरों की आवाजाही बनी रहती है। भीषण गर्मी में लोगों के बैठने और आराम करने की कोई उचित व्यवस्था नहीं थी। इसी को देखते हुए समिति द्वारा यात्री शेड का जीर्णोद्धार कर लोगों के बैठने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि भामाशाह दानवीर के रूप में जाने जाते हैं। उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए भामाशाह सेवा समिति ने जो कार्य किया है, वह समाज सेवा की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल है। उन्होंने कहा कि ऐसे जनकल्याणकारी कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
भामाशाह सेवा समिति के राष्ट्रीय महासचिव सर्वेश गुप्ता ने कहा कि समिति लगातार जनहित के कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भामाशाह ने देश और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था, उसी भावना के साथ समिति समाज सेवा के लिए समर्पित है।
प्रदेश कानूनी सलाहकार ने बताया कि यह चौराहा शहर का प्रमुख केंद्र है, जहां हर समय लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में यात्री शेड राहगीरों के लिए गर्मी और धूप से राहत देने में काफी लाभदायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर विपिन अग्रवाल, राम किशन, गणेश गुप्ता, भुवनेश माहेश्वरी, विकास माहेश्वरी, राजेश गुप्ता, सुरजीव गुप्ता, अनिल गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।



