
तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर ‘नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड’ से प्रमाणित

बदायूं। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय टीम द्वारा ‘नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड’ के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का लगातार असेसमेंट किया जा रहा है। जनपद को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जुलाई में नेशनल टीम द्वारा किए गए असेसमेंट के बाद शनिवार को तीन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इन तीनों ही उपकेंद्र स्तरीय आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने राष्ट्रीय स्तर के कड़े मानकों पर खरा उतरते हुए एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन प्राप्त कर लिया है।
आरसीएच नोडल अधिकारी डॉ राजवीर सिंह गंगवार ने बताया कि विगत 15 महीनों में जनपद की 33 स्वास्थ्य इकाइयों को पहले ही एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन मिल चुका था। तीन नए परिणामों के बाद अब जनपद में एनक्यूएएस सर्टिफाइड चिकित्सा इकाइयों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है। उन्होंने कहा घोषित परिणामों में विकास खंड उझानी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर ‘भैसोड़ा’ ने सबसे अधिक अंक प्राप्त कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। इसके अतिरिक्त विकास खंड इस्लामनगर के आयुष्मान आरोग्य मंदिर ‘उल्ला’ एवं विकास खंड दातागंज के आयुष्मान आरोग्य मंदिर ‘आंध्रऊ’ को भी इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रमाण पत्र से नवाजा गया है।सीएमओ ने दी बधाई, दिए निर्देश
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विकास शर्मा ने सभी संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स एवं एएनएम को बधाई दी। सीएमओ ने विशेष रूप से उझानी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ देवेंद्र कुमार, सीएचओ पारस एवं एएनएम सुमन के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। इसके साथ ही उन्होंने जनपद के अन्य सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को प्रेरित करते हुए निर्देश दिए कि वे भी अपने-अपने क्षेत्रों के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों को एनक्यूएएस के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार कर जल्द से जल्द सर्टिफाइड कराएं।


