बदायूं कचहरी परिसर में भीषण आग, कई अधिवक्ताओं के चैंबर जलकर खाक
बदायूं कचहरी परिसर में भीषण आग, कई अधिवक्ताओं के चैंबर जलकर खाक

बदायूं। मंगलवार सुबह कचहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अधिवक्ताओं के चैंबरों में भीषण आग लग गई। यह घटना महाराणा प्रताप चौक से जिला अस्पताल मार्ग पर जजी परिसर के सामने स्थित चैंबरों में हुई, जहां देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की शुरुआत सुबह करीब 9 बजे बिजली के तारों में हुए शॉर्ट-सर्किट से हुई। चैंबर लकड़ी और टीन शेड से बने होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में तेज लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली सिविल लाइंस पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक कई चैंबर पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। आग में वकीलों की महत्वपूर्ण फाइलें, फर्नीचर और कानूनी दस्तावेज नष्ट हो गए।

अग्निकांड के चलते महाराणा प्रताप चौक से लावेला चौक जाने वाले मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर यातायात बहाल कर दिया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट-सर्किट माना जा रहा है। पीड़ित अधिवक्ताओं ने बताया कि इस हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वर्षों पुराने केस रिकॉर्ड जलकर नष्ट हो गए हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावितों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

