बदायूंयूपीराजनीति

बदायूं को मिली लखनऊ की सीधी ट्रेन, केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

बदायूं को मिली लखनऊ की सीधी ट्रेन, केंद्रीय मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ

उझानी रेलवे स्टेशन पर मना जश्न; आजादी के बाद पहली बार सीधे राजधानी से जुड़ा जिला, 11 साल बाद बहाल हुई सेवा

बदायूं। केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक भव्य समारोह में कासगंज–ऐशबाग–कासगंज एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15312/15311 के संचालन का फीता काटकर और उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया करीब 11 साल बाद इस रूट पर रेल सेवा की बहाली होने से क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। ट्रेन के आते ही ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा।

 

क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर: केंद्रीय मंत्री

 

केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “मुझे बदायूं की मिट्टी से विशेष लगाव है और जनता की इस बेहद पुरानी व जरूरी मांग को पूरा करने के लिए ही इस रेल सेवा को शुरू कराया गया है। आजादी के बाद पहली बार बदायूं सीधे रेल मार्ग द्वारा प्रदेश की राजधानी लखनऊ से जुड़ रहा है।” उन्होंने कहा कि यह नई रेल सेवा क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए सुविधा, व्यापार और विकास के नए द्वार खोलेगी। इस ऐतिहासिक सौगात के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।

विधायक और जन प्रतिनिधियों ने जताई खुशी

इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए स्टेशन पर भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से बदायूं से लखनऊ जाने वाले लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा। भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और शेखूपुर विधानसभा के पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के स्वर्णिम विकास का हिस्सा बताया।

 

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, यह रहेगा समय

स्थानीय रेल अधिकारियों के मुताबिक, नियमित सेवा के तहत गाड़ी संख्या 15312 कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस प्रतिदिन सुबह 04:20 बजे कासगंज से चलेगी और 05:20 बजे बदायूं पहुंचेगी। यहां 5 मिनट के ठहराव के बाद बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, मैलानी और सीतापुर होते हुए दोपहर 01:00 बजे ऐशबाग लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 15311 ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस दोपहर 02:00 बजे ऐशबाग से खुलकर इसी मार्ग से वापस आएगी। इस सीधी सेवा से अब यात्रियों को लखनऊ जाने के लिए बस या बार-बार ट्रेन बदलने के झंझट से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी।

 

रेल उद्घाटन में दिग्गज रहे मौजूद

 

कार्यक्रम के दौरान मंच पर और स्टेशन परिसर में कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें मुख्य रूप से सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता , बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, पूर्व विधायक, शेखूपुर धर्मेंद्र शाक्य इसके साथ ही विभिन्न विभागों के प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, भारी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा हजारों की संख्या में आमजन व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!