
बदायूं के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन — ओपन यूपी स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में 14 पदकों की झड़ी

लखनऊ स्थित के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में 16 से 18 अप्रैल 2026 तक आयोजित ओपन उत्तर प्रदेश राज्य ताइक्वांडो चैंपियनशिप में बदायूं के खिलाड़ियों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 8 स्वर्ण, 3 रजत एवं 3 कांस्य पदक सहित कुल 14 पदक जीतकर जिले का गौरव पूरे प्रदेश में ऊंचा किया।
ज़िला ताइक्वांडो संघ, बदायूं के अध्यक्ष मेंहदीरत्ता के अनुसार यह प्रतियोगिता सब-जूनियर, कैडेट, जूनियर एवं सीनियर (बालक एवं बालिका) वर्गों में फाइट एवं पूमसे स्पर्धाओं के अंतर्गत आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में बदायूं के उदीयमान खिलाड़ियों ने अपने जुझारूपन, तकनीकी दक्षता और अनुशासन का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया।

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अजय पाल सिंह ने सीनियर टीम पूमसे स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी निरंतर श्रेष्ठता को एक बार फिर सिद्ध किया और टीम के लिए प्रेरणास्रोत बने।
पदक विजेताओं का विवरण इस प्रकार है:
स्वर्ण पदक विजेता:
उर्वा खान, पूर्णिमा गुप्ता, देविका त्रिपाठी, नैना सारस्वत, यश सारस्वत, दर्श सारस्वत एवं हर्ष पटेल।
रजत पदक विजेता:
अलिशबा फातमा, अक्षरा त्रिपाठी एवं प्रणव सारस्वत।
कांस्य पदक विजेता:
निपुन वैश्य, रमन राठौर एवं वंशिका राज।
इन शानदार उपलब्धियों के आधार पर चयनित खिलाड़ी अब ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 15 से 17 मई 2026 को तेलंगाना के जोगुलांबा गडवाल जिले में आयोजित 16वीं ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर गिरधारी सिंह राठौर, मुकेश सारस्वत, उपाध्यक्ष नीरज शर्मा, ईशान मेंदीरत्ता एवं उपाध्यक्ष अक्षज रस्तोगी ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेताओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि बदायूं में खेल प्रतिभाओं के निरंतर उभरते स्तर का भी प्रमाण है।



