
डीपीएस बदायूं की “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र” की पहल सराहनीय : विधायक महेश चंद्र गुप्ता

अब विद्यालय के हर बच्चे में जगेंगे गऊ माँ की सेवा के भाव : अशोक खुराना
बदायूँ। हमारी भारतीय संस्कृति मेँ गाय को माता का स्थान दिया गया है। पहले घर घर मेँ गाय के नाम की पहली रोटी बनाई जाती थी। आज भी बहुत से घरों मेँ इस परम्परा को बनाये रखा गया है। लेकिन आधुनिकता और भागदौड़ भरी जिंदगी मेँ अब धीरे धीरे यह परम्परा विलुप्त होती जा रही है। लेकिन ब्रह्मदत्त गौशाला धाम की सराहनीय जागरूक पहल से फिर से यह परम्परा अनवरत शुरू हो जाएगी। दिल्ली पब्लिक स्कूल बदायूँ के सहयोग से ब्रह्मदत्त गौशाला धाम ने “गऊ माँ सेवा रोटी पात्र ” बनवाकर आज डीपीएस प्रांगण मेँ रखवाया है। इससे निश्चित ही अब प्रत्येक बच्चे के हाथों से गाय के नाम से रोटी डालना प्रतिदिन प्रारम्भ हो जायेगा। डीपीएस ने इस पवित्र कार्य के सहयोगी बनकर बहुत पुण्य कार्य किया है।
उक्त उद्बोधन नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने डीपीएस मेँ उपस्थित बच्चों एवं शिक्षक शिक्षिकाओं से कहा। उद्बोधन से पूर्व नगर विधायक ने गऊ माँ रोटी पात्र मेँ रोटियां डालकर विधिवत शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि गौशालाधाम के सचिव सचिन भारद्वाज की प्रेरणा से डीपीएस बदायूँ ने यह पहल जो करी है, अब हम सबकी जिम्मेदारी बनती है कि यह जागरूकता प्रत्येक विद्यालय तक पहुंचाई जाये।
वरिष्ठ समाजसेवी अशोक खुराना ने कहा कि मेरा सभी बच्चों, उनकी माताओं और बहनों से अनुरोध है कि हर घर मेँ एक रोटी गौमाता के नाम बनाएं और उसे अपने बच्चों को प्रतिदिन दें, जिससे वह अपने विद्यालय में रखे रोटी सेवा पात्र में अपने हाथों से डालें। जिससे सभी रोटियां गौशाला धाम पहुँच जाएगी। इससे आपके बच्चों द्वारा यह पुनीत कार्य प्रतिदिन होता रहेगा। हमें अपने बच्चों के साथ ही अन्य परिवारों के बच्चों के अंदर भी गऊ माता के प्रति स्नेह और सेवा को बनाये रखना है। कार्यक्रम का संचालन रविन्द्र मोहन सक्सेना ने किया।
इस अवसर पर गौशाला के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव प्रकाश, शैलेन्द्र प्रकाश, विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सामंतो, वेद प्रकाश राठौर, पुनीत सक्सेना, सुमित आदि उपस्थित रहे।



