सट्टा, जुआ और स्मैक के कारोबार को बंद कराने की मांग को लेकर सफाई मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन

सट्टा, जुआ और स्मैक के कारोबार को बंद कराने की मांग को लेकर सफाई मजदूर संघ ने सौंपा ज्ञापन

बदायूं। शहर में बढ़ते सट्टा, जुआ और स्मैक के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संघ पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
संघ के नगर अध्यक्ष रमेश डी. लाल वाल्मीकि, नगर महासचिव अरुण कुमार और अन्य पदाधिकारियों ने कहा कि बदायूं शहर में खुलेआम सट्टा, जुआ और स्मैक का कारोबार चल रहा है, जिससे गरीब और मजदूर वर्ग के परिवार बर्बादी की कगार पर पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक असर वाल्मीकि समाज और दलित बस्तियों के युवाओं पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में कहा गया कि मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के बच्चे तेजी से नशे और जुए की गिरफ्त में फंसते जा रहे हैं। इससे परिवार आर्थिक, सामाजिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं। संघ ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

सफाई मजदूर संघ ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही शहर में चल रहे सट्टा, जुआ और स्मैक के कारोबार पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो सफाई कर्मचारी संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
संघ ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में विशेष अभियान चलाकर अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि युवाओं को नशे और अपराध की दलदल से बचाया जा सके।



