बदायूं में सड़क सुरक्षा पर सख्ती: 901 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप, 913 चालान, 34 वाहन सीज
बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा 22 जून से 28 जून 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान यातायात पुलिस और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर 901 वाहनों पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाई। इनमें 159 ट्रक, 277 ट्रैक्टर और 465 अन्य वाहन शामिल रहे।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। मोटर वाहन अधिनियम के तहत 913 वाहनों के चालान किए गए तथा 34 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई में 17 ट्रैक्टरों के चालान और 7 ट्रैक्टर सीज, 23 ट्रक/डंपरों के चालान और 1 वाहन सीज, जबकि 873 अन्य वाहनों के चालान और 26 वाहन सीज किए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में सहयोग करें।




