बदायूंलोकल न्यूज़

बाल श्रम के खिलाफ अभियान तेज, 12 बाल श्रमिक कराए मुक्त

बाल श्रम के खिलाफ अभियान तेज, 12 बाल श्रमिक कराए मुक्त

बदायूं। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशन में चलाए जा रहे पैन इंडिया रेस्क्यू एवं पुनर्वास अभियान-4.0 के तहत जनपद में बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में बाल श्रम, मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति और कठिन परिस्थितियों में रह रहे बच्चों एवं महिलाओं के रेस्क्यू और पुनर्वास को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जुलाई माह से अब तक जिले में 11 निरीक्षण अभियान चलाए गए, जिनमें होटल, ढाबे, रेस्टोरेंट, दुकानों, ऑटो वर्कशॉप और अन्य प्रतिष्ठानों से 12 बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। संबंधित नियोक्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

 

अपर जिलाधिकारी ने अभियान को केवल शहर तक सीमित न रखते हुए कस्बों और अन्य क्षेत्रों में भी प्रभावी ढंग से चलाने तथा बाल श्रम में लिप्त बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल रेस्क्यू करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में सड़क पर कठिन परिस्थितियों में रहने वाले अनाथ, परित्यक्त एवं आपात स्थिति में मिले बच्चों, महिलाओं तथा भिक्षावृत्ति में शामिल व्यक्तियों के रेस्क्यू को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से संयुक्त अभियान चलाने तथा चिन्हित बच्चों एवं महिलाओं को यथासंभव उनके परिवार में पुनर्वासित कराने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर उन्हें महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित संस्थानों एवं आश्रय गृहों में सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

 

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में ऐसे स्थानों का भी चिन्हांकन किया जाए, जहां अनाथ, बेसहारा बच्चे, महिलाएं या कठिन परिस्थितियों में रहने वाले परिवार मिलने की संभावना अधिक हो। मानव तस्करी एवं बाल तस्करी की घटनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए पीड़ितों को सुरक्षा, चिकित्सा, शिक्षा, परामर्श और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

 

बैठक में मानव तस्करी के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने, समुदाय स्तर पर शून्य सहनशीलता का वातावरण विकसित करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

 

इसके अलावा जिले में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उनकी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया गया।

 

बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अमित मिश्रा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष नंद किशोर पाठक, सुयोग्य कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, आरपीएफ एवं जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक, जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान पीसी श्रीवास्तव, महिला थाना प्रभारी ज्योति सिंह, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट प्रभारी उदयवीर सिंह, संरक्षण अधिकारी रवि कुमार, वन स्टॉप सेंटर केंद्र प्रशासक प्रतीक्षा मिश्रा, डीएमसी छबि वैश्य, चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक कमल शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!