
TET-2026 परीक्षा पर डीएम-एसएसपी की पैनी नजर, केंद्रों का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखा
नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बदायूं। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।
जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, शुचिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या नकल की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा है, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा दे सकें।



