
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूँ में निकली जागरूकता रैली

बदायूँ। नशा मुक्त भारत अभियान-2026 के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा गुरुवार को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर गजेंद्र सिंह के निर्देशन एवं देखरेख में संपन्न हुआ।

रैली का शुभारंभ राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. शिव कुमार एवं कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रो. डॉ. श्रीनिवासन गांधी ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान कॉलेज ऑफ नर्सिंग के सभी संकाय सदस्य, बीएससी नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
करीब 200 छात्र-छात्राओं और 30 संकाय सदस्यों की सहभागिता वाली इस रैली में प्रतिभागियों ने नशे के दुष्प्रभाव, स्वस्थ जीवनशैली और नशा-मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देते हुए जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया।
वक्ताओं ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से नशा-मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशा-मुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। रैली का उद्देश्य युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सहभागी बनाना रहा।




