
तिरंगे के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा बदायूं

बगरैन, म्याऊ और दातागंज ग्रामीण में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, बड़ी संख्या में शामिल हुए कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक
‘हर घर तिरंगा’ अभियान नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का अभियान : राजीव कुमार गुप्ता
तिरंगा हर भारतीय के गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक, घर-घर फहराएं राष्ट्रीय ध्वज : राजीव कुमार गुप्ता

बदायूं। भाजपा के ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत सोमवार को बगरैन, म्याऊ और दातागंज ग्रामीण मंडल में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक यात्रा में शामिल हुए। भारत माता की जय, वंदे मातरम् और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
बगरैन मंडल में तिरंगा यात्रा मुड़िया सताशी स्थित ठाकुर जी मंदिर से शहीद हरिओम सिंह इटऊआ तक निकाली गई। वहीं म्याऊ मंडल में यात्रा ब्लॉक परिसर म्याऊ से प्राचीन माता मंदिर तक तथा दातागंज ग्रामीण मंडल में कदराबाद से हाथी भूड़ तक तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल पर्व के रूप में मनाना नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा प्रत्येक भारतीय को देश की उपलब्धियों पर गर्व है।
दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि भारत की स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। तिरंगा हमें स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान व्यक्त करने की अपील की।
तिरंगा यात्रा में पूर्व डीसीबी चेयरमैन उमेश राठौर, वरिष्ठ नेता राणा प्रताप सिंह, हीरा लाल कश्यप, ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुड्डू देवी, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के.सी. शाक्य, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, पूर्व जिला उपाध्यक्ष दुर्गेश वार्ष्णेय, जिला मीडिया प्रभारी अचल शर्मा, मंडल अध्यक्ष बगरैन रितेश चौहान, सुरेश सिंह राठौर, भावेश प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष दातागंज ग्रामीण नरेश पाल, मंडल अध्यक्ष म्याऊ ओमपाल राजपूत, कुंवर शिवम प्रताप सिंह सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




