मुंबई के मंच पर अर्पिता ने ग्रैंड फिनाले में बिखेरा डांस का जलवा
स्काउट संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने अर्पिता को किया सम्मानित

बदायूं : विजय नगर कालोनी की रहने वाली अर्पिता कश्यप ने अपने हुनर से बदायूं जिले का नाम देशभर में चमका दिया है। मुंबई में आयोजित चर्चित टीवी शो इंडिया डांस पावर सीजन-2 में उन्होंने शानदार प्रस्तुति देकर ग्रैंड फिनाले तक का सफर तय किया। यह शो हर रविवार को 9xm चैनल पर प्रसारित हुआ और 14 सितंबर को इसके भव्य समापन समारोह का आयोजन हुआ।
ग्रैंड फिनाले में बॉलिवुड के प्रसिद्ध डांसर और कोरियोग्राफर मास्टर मर्जी बतौर जज शामिल हुए। अर्पिता ने अपनी दमदार प्रस्तुति और लाजवाब डांस मूव्स से जजों व दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रैंड फिनाले में बड़ा शो 14 सितंबर को पूरे देश में दिखाया गया। शो से लौटने के बाद जब अर्पिता कश्यप बदायूं पहुंचीं तो उनका भव्य स्वागत किया गया। नृत्य आर्ट स्टूडियो में ढोल-नगाड़ों के बीच लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
स्काउट संस्था के पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अर्पिता ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। हर चुनौती को स्वीकारा और आगे बढ़ी। अब वह जिले की प्रतिभाशाली बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
सभासद मनोज कश्यप ने अर्पिता का तिलक व माला पहनाकर स्वागत किया और कहा कि अर्पिता जैसी प्रतिभाएं ही बदायूं को नई पहचान दिला रही हैं। हमें उन पर गर्व है।
श्री मां दुर्गा पूजा महोत्सव युवा समिति के संयोजक मुकेश वैश्य ने कहा कि अर्पिता की इस उपलब्धि के पीछे उनका कड़ा परिश्रम और परिवार का आशीर्वाद है। समिति की ओर से उन्हें शुभकामनाएं और भरपूर सहयोग मिलता रहेगा।
अर्पिता कश्यप की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। लोग इसे बदायूं की बेटियों के लिए गौरव का क्षण मान रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि अर्पिता आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी जिले का नाम रोशन करेंगी।
इस मौके पर जयत्री कश्यप, ममता, सौरभ गुप्ता, विवेक, जयंत रस्तोगी, अनुज कुमार सिंह, विशाल, आलोक समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और अर्पिता को आशीर्वाद व बधाइयां दीं।



