
अलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 24.640 किलो गांजा, दो बाइक समेत चार तस्कर गिरफ्तार

बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में जनपद में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अलापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 24.640 किलोग्राम अवैध गांजा, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
थाना अलापुर पुलिस के अनुसार सोमवार को प्रभारी निरीक्षक माधौ सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए विवेक पुत्र रविंद्र, निहाल पुत्र लल्ला, अभिषेक पुत्र रविंद्र एवं विशाल पुत्र जैन सिंह, निवासी मोहल्ला कंचनपुर, थाना भोजीपुरा, जिला बरेली को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से दो बोरों में रखा 24.640 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करिज्मा मोटरसाइकिल (यूके-04-क्यू-2427), राइडर मोटरसाइकिल (यूपी-25-ईएच-4716) तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना अलापुर में मु0अ0सं0 135/2026 के तहत धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अभिषेक के विरुद्ध पूर्व में थाना भोजीपुरा (बरेली) में आबकारी अधिनियम का मुकदमा भी दर्ज है। वहीं इस प्रकरण में वांछित फूलमियां के विरुद्ध हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर तथा एनडीपीएस एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।



