
भाजपा 29 जुलाई से चलाएगी संत गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान, गुरु पूर्णिमा पर होंगे विशेष कार्यक्रम

बदायूं, भारतीय जनता पार्टी 29 जुलाई से संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में “समरसता संकल्प अभियान” की शुरुआत करेगी। इसी दिन गुरु पूर्णिमा (महर्षि वेदव्यास जयंती) के अवसर पर जिलेभर में गुरु वंदन एवं सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। यह जानकारी भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला के दौरान दी।

राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि समरसता संकल्प अभियान 29 जुलाई से प्रारंभ होकर 20 फरवरी तक चलेगा। अभियान के प्रथम चरण “समरसता दीप अभियान” के अंतर्गत जिले के सभी गुरु रविदास मंदिरों में सामूहिक दीपोत्सव और दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिन स्थानों पर गुरु रविदास मंदिर नहीं हैं, वहां प्रमुख मंदिरों में उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर सामाजिक समरसता का संकल्प दिलाया जाएगा। कार्यक्रमों में सामूहिक आरती, भजन-कीर्तन और समरसता का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित श्री गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से प्रारंभ होने वाले कलश वंदन अभियान के तहत जिले में भी पावन मिट्टी युक्त कलशों का स्वागत एवं पूजन किया जाएगा। अभियान के आगामी चरणों में संत संपर्क, मंदिर संपर्क, सामाजिक समरसता कार्यक्रम और समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद जैसे विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, जिनके माध्यम से गुरु रविदास के समता, सेवा, मानवता और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में ज्ञान, श्रद्धा और कृतज्ञता का प्रतीक है। महर्षि वेदव्यास ने वेदों का संकलन कर भारतीय ज्ञान परंपरा को व्यवस्थित स्वरूप दिया, इसलिए गुरु पूर्णिमा को वेदव्यास जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। इस अवसर पर जिले के सभी मंडलों में साधु-संतों, पुजारियों, शिक्षकों और गुरुजनों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा।
राजीव कुमार गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं से डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म (डीएलपी) का प्रशिक्षण शीघ्र पूरा कर प्रमाणपत्र प्राप्त करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डीएलपी के माध्यम से कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठनात्मक कार्यप्रणाली, बूथ प्रबंधन, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा डिजिटल तकनीकों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक जोगेंद्र सिंह पटेल ने किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, वरिष्ठ नेता डी.के. भारद्वाज, जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, शैलेन्द्र मोहन शर्मा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दिनेश कुमार सिंह, के.सी. शाक्य, अमित पाठक, कुंवर शिवम प्रताप सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




