गायें रूठने नहीं, रोटी का हक मांगने आती हैं: विधायक राजीव कुमार सिंह

गायें रूठने नहीं, रोटी का हक मांगने आती हैं: विधायक राजीव कुमार सिंह

बदायूं। दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने गौसेवा और गौसंरक्षण को लेकर बड़ा संकल्प लेते हुए क्षेत्र की गौशालाओं का निरीक्षण किया तथा स्वयं अपने हाथों से गायों को हरा चारा खिलाया। इस दौरान उन्होंने जनता और अधिकारियों से गौवंश के संरक्षण के लिए गंभीरता से कार्य करने की अपील की।
विधायक ने कहा कि गाय कभी किसी से नाराज होकर शिकायत नहीं करती, बल्कि वह अपने हिस्से की एक-दो रोटी और इंसान का स्नेह मांगने आती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि घरों के बाहर आने वाली गायों को भगाने के बजाय उनका सम्मान करें और उन्हें भोजन उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गौसेवा को विशेष महत्व दिया गया है। घर की पहली रोटी गौमाता को समर्पित करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और परिवार में सुख-समृद्धि का वास होता है।
गौशालाओं की व्यवस्था को लेकर विधायक ने सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिका, नगर पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गौवंश के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उपजिलाधिकारी के साथ समय-समय पर गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया जाएगा और कहीं भी अव्यवस्था मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फोन पर हुई बातचीत में विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं और गौशालाओं की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि गौवंश के संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
क्षेत्र के लोगों ने विधायक की इस पहल और अधिकारियों को दी गई सख्त हिदायतों की सराहना करते हुए इसे गौसंरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
अभिषेक वर्मा




