
महिला अस्पताल में वसूली का खेल, डिलीवरी के नाम पर 1 से 5 हजार रुपये मांगने का आरोप एडी हेल्थ से शिकायत

बदायूं। जिला महिला अस्पताल एक बार फिर विवादों में घिर गया है। अस्पताल में प्रसव कराने आने वाली महिलाओं और उनके तीमारदारों से डिलीवरी के नाम पर अवैध वसूली किए जाने के गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है। इस संबंध में तीमारदारों ने अपर निदेशक (एडी) स्वास्थ्य, बरेली मंडल से शिकायत की है।
जानकारी के अनुसार, एडी हेल्थ द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया जा रहा था। निरीक्षण के बाद जैसे ही वह अस्पताल से बाहर निकले, वहां मौजूद प्रसूताओं और उनके परिजनों ने उन्हें घेर लिया और स्टाफ पर पैसे मांगने के आरोप लगाए। पीड़ितों का कहना है कि डिलीवरी के बाद “बधाई” और अन्य सेवाओं के नाम पर जबरन रुपये वसूले जाते हैं।
शिकायतकर्ताओं के मुताबिक सामान्य डिलीवरी के लिए 1 हजार से लेकर 5 हजार रुपये तक की मांग की जाती है। आरोप है कि पैसा न देने पर मरीजों की देखभाल में लापरवाही बरती जाती है और तीमारदारों से अभद्र व्यवहार किया जाता है।
परिजनों ने बताया कि सरकारी अस्पताल में मुफ्त इलाज और सुविधाओं का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत में उन्हें आर्थिक और मानसिक शोषण झेलना पड़ रहा है। मजबूर होकर उन्होंने सीधे एडी हेल्थ से शिकायत की।
गौरतलब है कि जिला महिला अस्पताल में अवैध वसूली के आरोप पहले भी लग चुके हैं। पूर्व में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुके हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन व्यवस्था सुधारने में नाकाम नजर आ रहा है।
मामले में अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि मामला एडी हेल्थ के संज्ञान में आने के बाद दोषी कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होती है।
इस संबंध में एडी हेल्थ डॉ तेजपाल से जानकारी लेनी चाही तो उनका फोन नहीं उठा।



