ख्वाजा गरीब नवाज डिग्री कॉलेज में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

बदायूं। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली द्वारा संचालित संघटक संस्थान ‘ख्वाजा गरीब नवाज़ डिग्री कॉलेज’, बनकोटा में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। कॉलेज परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।यह अभियान कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. शाज़िया आलम के कुशल सानिध्य में चलाया गया। इस अवसर पर उन्होंने सभी को पौधों के रोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण और उन्हें जीवित रखने की जिम्मेदारी लेने के लिए भी प्रेरित किया। डॉ. शाज़िया आलम ने अपने संबोधन में कहा, “प्रकृति को सुरक्षित रखकर ही हम वातावरण को शुद्ध कर सकते हैं और खुली हवा में सांस ले सकते हैं। आने वाली पीढ़ियों के लिए वृक्षारोपण आज की सबसे बड़ी जरूरत है।”अभियान के प्रभारी व प्रबंधक हाजी अब्दुल मन्नान ने बताया कि परिसर में प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए आम, अमरूद, अनार, आंवला, जामुन, बेल और नींबू जैसे फलदार वृक्ष लगाए गए हैं। इसके साथ ही नीम, आंवला, अमलताश और गुलमोहर जैसे औषधीय एवं छायादार पौधों का भी रोपण किया गया, ताकि छात्र प्रकृति के सीधे संपर्क में रह सकें।इस सफल वृक्षारोपण अभियान को धरातल पर उतारने में नौशाद अहमद, सुम्बुल आलम और नन्ने सिंह का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और पौधों की देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।





