
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष पर जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

बदायूँ। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मृति पक्ष के अंतर्गत आयोजित जिला अभियान बैठक में 23 जून से 6 जुलाई तक चलने वाले स्मृति पक्ष अभियान एवं डिजिटल लर्निंग ऐप विषय पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, वैचारिक स्पष्टता और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी विचारधारा को नई दिशा दी और देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। जम्मू-कश्मीर के पूर्ण एकीकरण का उनका संकल्प आज भी राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि स्मृति पक्ष अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के विचारों, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से परिचित कराने का सशक्त माध्यम है। अभियान के तहत जिले के सभी बूथों पर गोष्ठियां, पुष्पांजलि कार्यक्रम, कार्यकर्ता बैठकें तथा जनसंपर्क अभियान आयोजित किए जाएंगे। कार्यकर्ता घर-घर जाकर डॉ. मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए 26 और 27 जून को मंडल कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही 28 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण सभी बूथों पर सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत बूथ कार्य समिति की बैठकें आयोजित कर आगामी कार्यक्रमों और बूथ सशक्तिकरण पर चर्चा की जाएगी।
जिला अभियान संयोजक शैलेन्द्र मोहन शर्मा ने कहा कि स्मृति पक्ष अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता डॉ. मुखर्जी के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को जन-जन तक पहुंचाएंगे। उन्होंने सभी मंडलों एवं बूथों पर निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से आयोजित करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, जोगेन्द्र सिंह पटेल, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, अभियान टोली के सदस्य एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




