बदायूंहेल्थ

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रेस वार्ता, 28 जुलाई को होगी निःशुल्क जांच

विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में प्रेस वार्ता, 28 जुलाई को होगी निःशुल्क जांच

बदायूँ, 27 जुलाई। विश्व हेपेटाइटिस दिवस (28 जुलाई) के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूँ में सोमवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान संस्थान ने विश्व हेपेटाइटिस दिवस के तहत आयोजित होने वाले जनजागरूकता एवं स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रमों की जानकारी दी।

वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. नितेश पति तिवारी ने बताया कि 28 जुलाई को मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले मरीजों के लिए हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी की निःशुल्क जांच की जाएगी। जांच में संक्रमित पाए जाने वाले मरीजों का वायरल हेपेटाइटिस ट्रीटमेंट सेंटर में पंजीकरण कराकर उन्हें आवश्यक जांच और उपचार भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर एक वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन भी होगा, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक हेपेटाइटिस-बी एवं सी की रोकथाम, पहचान, उपचार और जनजागरूकता से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी देंगे।

कार्यक्रम के तहत ओपीडी परिसर में एमबीबीएस बैच 2023 एवं 2025 के छात्र-छात्राएं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मरीजों और तीमारदारों को हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक करेंगे। वहीं, एमबीबीएस बैच 2022 के छात्र-छात्राएं पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए हेपेटाइटिस उन्मूलन का संदेश देंगे।

मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) शिव कुमार ने आमजन से अपील की कि वे हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक रहें, समय पर जांच कराएं तथा सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क जांच एवं उपचार सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

प्रेस वार्ता में मेडिसिन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अमित कुमार, सीनियर रेजीडेंट डॉ. अब्दुल रहमान सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!