देशधर्मबदायूं

गंगा की लहरों पर लहराया तिरंगा, कछला में निकली भव्य नौका तिरंगा यात्रा

गंगा की लहरों पर लहराया तिरंगा, कछला में निकली भव्य नौका तिरंगा यात्रा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बदायूं के गांव-कस्बों में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश, जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं ने निकालीं तिरंगा यात्राएं

बदायूं। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा की ओर से जनपदभर में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। कछला में गंगा की लहरों के बीच निकाली गई नौका तिरंगा यात्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। गंगा की धारा में तिरंगे से सजी नावों पर सवार भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य शामिल रहे।

 

इसके साथ ही जनपद के विभिन्न मंडलों में भी तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य समेत जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, ब्लॉक प्रमुखों, चेयरमैन और कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग स्थानों पर आयोजित यात्राओं में सहभागिता की।

 

उझानी नगर में नगर पालिका से हनुमानगढ़ी मंदिर, उझानी ग्रामीण मंडल में नगर पंचायत कछला से आरती स्थल कछला, बिनावर मंडल में ब्यौर चौराहे से घटपुरी चौराहा, जगत मंडल में ब्लॉक परिसर जगत से ग्राम महौरा अंबेडकर पार्क, बसौमा मंडल में पंचायत घर बसौमा से शहीद स्थल वनगवा, दातागंज नगर में दियोरी से सलेमपुर मंदिर तथा समरेर मंडल में ब्लॉक परिसर समरेर से मंदिर नेता झुक्सा तक तिरंगा यात्राएं निकाली गईं।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि तिरंगा यात्राओं के माध्यम से गांव और कस्बों में देशभक्ति का वातावरण बन रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र की एकता और अखंडता से जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए देश की प्रगति और विकास में योगदान देने का संकल्प लेना चाहिए।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चल रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत कर रहा है। कछला में गंगा की लहरों के बीच निकली नौका तिरंगा यात्रा इसी राष्ट्रभावना का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि तिरंगे के साथ निकली यह यात्रा लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और गौरव का स्मरण कराने वाली है।

 

सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव और करोड़ों देशवासियों की भावनाओं से जुड़ा है। ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति का संदेश पहुंचा रहे हैं। स्वतंत्रता अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान से मिली है, इसलिए सभी का दायित्व है कि उनके आदर्शों को याद रखते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

 

दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से समाज के हर वर्ग में देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना जागृत हो रही है। स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराकर वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

 

बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ने पूरे देश को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया है। कछला में गंगा की जलधारा के बीच निकाली गई नौका तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व समर्पण की भावना मजबूत करने का संदेश दिया गया।

 

पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि देश की आजादी का इतिहास त्याग, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथा है। तिरंगा उन वीरों की स्मृति का प्रतीक है, जिन्होंने राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से परिचित कराना और उनमें राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना पैदा करना सभी की जिम्मेदारी है।

 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल, डीसीबी चेयरमैन जे.के. सक्सेना, पूर्व डीसीबी चेयरमैन उमेश राठौर, ब्लॉक प्रमुख शिशुपाल शाक्य, चेयरमैन कछला जगदीश लोनिया, चेयरमैन तारा देवी, ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह, चेयरमैन दातागंज नैना गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनेकपाल सिंह, यादवेंद्र शाक्य, जिला महामंत्री शैलेंद्र मोहन शर्मा, जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, जिला उपाध्यक्ष उदयवीर दिवाकर, जिला मंत्री आरती कश्यप, जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, जिला मंत्री राजवती वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, मंडल कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!