नशे के विरुद्ध शपथ और बाल कल्याण समिति की बैठक, महिलाओं-बच्चों किया जागरूक

नशे के विरुद्ध शपथ और बाल कल्याण समिति की बैठक, महिलाओं-बच्चों किया जागरूक

बदायूं। इस्लामनगर विकास खंड में बुधवार को ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक के साथ “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन सुनिश्चित करना रहा।

साइबर सुरक्षा और हेल्पलाइन के दिए टिप्स
थाना इस्लामनगर की बाल कल्याण अधिकारी और पुलिस टीम ने महिलाओं व छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साइबर हेल्पलाइन 1930 की विस्तृत जानकारी दी गई और बताया गया कि ऑनलाइन ठगी या परेशानी होने पर तुरंत इस नंबर पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
सरकारी योजनाओं का हुआ प्रचार
जिला मिशन समन्वयक हब फॉर इम्पावरमेन्ट ऑफ वूमेन छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं के बारे में बताया। इनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पति की मृत्यु के बाद पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, दहेज के कारण परित्यक्त महिलाओं को आर्थिक सहायता, निराश्रित महिला की पुत्री की शादी हेतु अनुदान, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष, स्पॉन्सरशिप योजना आदि शामिल हैं।
डीएमसी ने महिला एवं बालिकाओं के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 181, 102, 108, 1098 की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट स्थित जिला प्रोबेशन कार्यालय के माध्यम से इन सभी योजनाओं का लाभ लिया जा सकता है।
बाल श्रम और बाल विवाह पर विशेष जोर
बैठक में बाल श्रम पर विस्तार से चर्चा हुई। बताया गया कि मंदिर, मस्जिद, रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, ढाबों और कारखानों में 14 वर्ष से कम बच्चों से काम कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम बाल संरक्षण समिति के माध्यम से अभियान चलाया जा रहा है।
बाल विवाह को सामाजिक कुरीति बताते हुए कहा गया कि बाल विवाह करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले नुकसान पर भी महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया।
नशे के खिलाफ ली शपथ
कार्यक्रम में उपस्थित सभी महिलाओं, बच्चों और अधिकारियों ने “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” शपथ ली। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के सुपरवाइजर सुनील ने बताया कि बच्चों को किसी भी समस्या पर 1098 पर कॉल कर मदद मिल सकती है।
एडीओ पंचायत संजीव शर्मा ने कहा कि ग्राम बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक प्रधान की अध्यक्षता में नियमित की जाए और कन्या सुमंगला, बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप व निराश्रित महिला पेंशन जैसी योजनाओं की जानकारी हर गांव तक पहुंचाई जाए।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर डिम्पल, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, संरक्षण अधिकारी, डीएमसी छवि वैश्य, जेएस छवि प्रीती चौहान, सहायक पंचायत अधिकारी जितेंद्र, संजीव कुमार, वन स्टॉप सेंटर की स्टाफ नर्स आकांक्षा के साथ ही ब्लॉक की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री और ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।



