
अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित, एचआईवी-एड्स को लेकर किया जागरूक

बदायूं। उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी, लखनऊ के अंतर्गत संचालित सघन जागरूकता अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला क्षय रोग केंद्र पर स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन झा एवं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार ने किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं जिला क्षय रोग अधिकारी ने लोगों को एचआईवी/एड्स से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा संक्रमण से बचाव और जागरूकता के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। लोगों को सेल्फ असेसमेंट क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं का आकलन करने के लिए भी जागरूक किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में एचआईवी स्क्रीनिंग, टीबी स्क्रीनिंग, एसटीआई जांच एवं सिफिलिस जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंद लोगों को सामान्य दवाइयों का वितरण भी किया गया। शिविर में की गई जांचों के परिणाम नकारात्मक पाए गए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) से जुड़े समस्त स्टाफ की सहभागिता रही। लोक स्मृति सेवा संस्थान के कर्मचारियों ने भी शिविर के आयोजन में सहयोग प्रदान किया। अधिकारियों ने युवाओं से एचआईवी/एड्स सहित विभिन्न संक्रामक रोगों के प्रति जागरूक रहने और समाज में भी जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।



