क्राइमबदायूं

आलापुर क्षेत्र में अवैध वाटर पार्क सील, केयर टेकर गिरफ्तार, कब्र से पोस्टमार्टम के निकलवाया गया शव

आलापुर क्षेत्र में अवैध वाटर पार्क सील, केयर टेकर गिरफ्तार, कब्र से पोस्टमार्टम के निकलवाया गया शव

वाटर पार्क में मासूम की मौत से मचा हड़कंप

 

बदायूं। जनपद के आलापुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित वाटर पार्क में सात वर्षीय मासूम की डूबकर मौत के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले में प्रशासन ने वाटर पार्क को सील कर दिया है, जबकि केयर टेकर नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दफनाए गए बच्चे के शव को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया।

 

घटना अलापुर थाना क्षेत्र के भसराला गांव की है, जहां जिआउद्दीन नामक व्यक्ति द्वारा वाटर पार्क बनाया जा रहा था। आरोप है कि बिना अनुमति संचालित हो रहे इस वाटर पार्क में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, बावजूद इसके लोगों का प्रवेश कराया जा रहा था। शनिवार को गांव निवासी जफर का सात वर्षीय बेटा हसनैन वाटर पार्क में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

 

बताया जा रहा है कि घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश हुई और परिजनों ने बच्चे के शव को दफना दिया। रविवार को पिता की तहरीर के बाद मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचा तो प्रशासन हरकत में आया। डीएम अवनीश राय के निर्देश पर एसडीएम सदर मोहित सिंह की मौजूदगी में कब्र खुदवाकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

प्रशासन ने अवैध वाटर पार्क को तत्काल सील कर दिया है। पुलिस ने वाटर पार्क संचालक और केयर टेकर नदीम के खिलाफ बिना अनुमति वाटर पार्क संचालित करने, सुरक्षा इंतजाम न होने तथा अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

 

घटना की सूचना पर एसपी सिटी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूत्रों के मुताबिक मामले में आलापुर थाना प्रभारी माधो सिंह विष्ट और हल्का इंचार्ज मनोज कुमार की भूमिका भी जांच के घेरे में है। चर्चा है कि अवैध तरीके से संचालित हो रहे वाटर पार्क की जानकारी होने के बावजूद थाना स्तर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

 

प्रभारी निरीक्षक माधो सिंह विष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल केयर टेकर नदीम को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!