बदायूं पुलिस का बड़ा एक्शन, गैंगस्टर एक्ट का वांछित अपराधी गिरफ्तार

बदायूं। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दातागंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के वांछित अभियुक्त राधाकृष्ण उर्फ मटरू को अवैध तमंचा और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी राहुल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एसआई सन्नी चौधरी ने पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर नगरिया-फिरोजपुर मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास से अभियुक्त को दबोच लिया।
तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि बदायूं पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अपराध एवं शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना दातागंज में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के मामले शामिल हैं।
रिपोर्ट अभिषेक वर्मा




