
खौफ में पीड़ित परिवार, हत्यारे की गिरफ्तारी न होने से कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्यौर में 10 जुलाई को हुए वृद्ध की हत्या के मामले में दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार खौफ में है। पीड़ित परिवार ने एसएसपी अंकिता शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। परिवार ने बिनावर पुलिस पर आरोपी को बचाने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित राजवीर ने बताया कि 10 जुलाई को उनके दादा राधेलाल की हत्या ऐवरन और राकेश द्वारा की गई थी। इस संबंध में बिनावर थाने में मु0अ0सं0 189/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 13 जुलाई को आरोपी ऐवरन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन दूसरा आरोपी राकेश अभी भी फरार है।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपी राकेश खुलेआम घूम रहा है और कह रहा है कि “मेरी पुलिस से सेटिंग हो गई है, मेरा नाम केस से निकल जाएगा राजवीर को देख लूंगा।
राजवीर के अनुसार 17 जुलाई की रात करीब 10 बजे उनके घर की छत पर कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। इसकी सूचना रात 10:08 और 10:17 बजे बिनावर थाना एसएचओ को फोन पर दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित परिवार ने विवेचक और थानाध्यक्ष को कई बार जान-माल के खतरे से अवगत कराने की बात कही, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में परिवार ने आरोपी राकेश की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। परिवार ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे बरेली आईजी से मिलकर भी शिकायत करेंगे।
फिलहाल पीड़ित परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच न्याय की गुहार लगाई है।



