
बच्चों के विवाद को लेकर संघर्ष, घायल जिला अस्पताल में भर्ती

बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के गांव पुठ्ठी सराय में बच्चों के बीच हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। विवाद बढ़ने पर पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें महिलाओं समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
बच्चों की कहासुनी में कूदे बड़े लोग
जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी पंकज और सुशील के बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर शाम के समय सुशील और उसके साथियों ने पंकज के घर पहुंचकर विवाद खड़ा कर दिया, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया।
मारपीट में कई लोग घायल, जिला अस्पताल में भर्ती
घटना के दौरान हुई मारपीट में पंकज और उनकी मां सुशीला, रवि गंभीर रुप से घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में किया भर्ती।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने बिनावर थाना पुलिस को तहरीर दी है। पीड़ित ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।




