
राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं में ‘नशा मुक्त भारत पखवाड़ा’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बदायूं,। राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं में रविवार को “नशा मुक्त भारत पखवाड़ा” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, मेडिकल एवं नर्सिंग छात्रों, पैरामेडिकल स्टाफ तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज की उप प्रधानाचार्य डॉ. नेहा सिंह ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र का भविष्य बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि नशे की लत से परिवार टूटते हैं, अपराध बढ़ते हैं और देश की युवा शक्ति कमजोर होती है।
उन्होंने युवाओं एवं आमजन से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इस सामाजिक बुराई से बचाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यदि आज समाज जागरूक नहीं हुआ तो आने वाली पीढ़ियों को इसके गंभीर दुष्परिणाम भुगतने पड़ेंगे।
डॉ. नेहा सिंह ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा नशा छोड़ने के इच्छुक लोगों की सहायता के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान, परामर्श (काउंसलिंग) सत्र एवं विशेष शिविर आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उप प्रधानाचार्य ने उपस्थित सभी चिकित्सकों, छात्रों एवं कर्मचारियों को नशा न करने तथा दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. लालेन्द्र यादव, फार्माकोलॉजी विभाग के सहायक आचार्य डॉ. अमित कुमार, कॉलेज ऑफ नर्सिंग के ट्यूटर सुनील कुमार, अजय परिक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहे।




