
सीएमओ ने मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं मिलीं दुरुस्त

बदायूं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ विकास शर्मा ने रविवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को परखते हुए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इस्लामनगर, नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उघैती और नूरपुर पिनोनी का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन केंद्रों पर मूलभूत चिकित्सा व्यवस्थाएं ठीक-ठाक पाई गई। आरोग्य मेले की व्यवस्था स्टाफ द्वारा सुचारू रूप से संचालित पाया गया।हालांकि व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं, लेकिन स्टाफ को सचेत करते हुए विशेष निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में निरीक्षण के दौरान कोई भी कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित मिला या मरीजों के इलाज में लापरवाही पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त विभागीय व दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रभारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक जरूरतमंद और गरीब मरीज को निशुल्क दवाइयां और जांच सुविधाएं अनिवार्य रूप से मिलनी चाहिए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि संक्रमण का खतरा न रहे।




