एचपीसीएल बायोगैस प्लांट में मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या जांच में जुटी पुलिस

एचपीसीएल बायो गैस प्लांट में डबल मर्डर की घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी


बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के सैंजनी में स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के बायो गैस प्लांट में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब प्लांट के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। सुरक्षा के मद्देनजर प्लांट में फिलहाल एंट्री पर रोक लगा दी गई है। अंदर मौजूद कर्मचारियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मौके पर एसएसपी व जिलाधिकारी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद हैं।

दरअसल पूरा मामला थाना क्षेत्र के सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल HPCL बायो गैस प्लांट का बताया जा रहा है।गोली मारने का आरोप प्लांट में पेलोडर ऑपरेटर के पद पर काम कर चुके एक पूर्व कर्मचारी पर लगा है। और यह भी बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने को लेकर उसका कंपनी प्रबंधन से काफी समय से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों अधिकारियों को जान से मारने की कोशिश की गई थी,जिसको लेकर मुकदमे भी दर्ज हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह और जिलाधिकारी अवनीश राय ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहनता से जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।




