पुलिस की कथित कार्यवाही पर उठे सवाल, युवक ने वीडियो जारी कर पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

कुंवर गांव। थाना पुलिस की एक कथित कार्यवाही को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। गांव पनौटा निवासी कृपाल पुत्र टोडी ने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने अपने साथ गलत तरीके से शराब के मुकदमे की कार्यवाही किए जाने की बात कही है।
युवक का कहना है कि पुलिस ने उसको कसेर स्थित शराब ठेके के पास से शराब पीते हुए पकड़ा था। युवक का आरोप है कि उसे थाने लाकर करीब एक घंटे तक बैठाकर रखा गया। इसके बाद शाम के समय पुलिसकर्मी उसे साईं मंदिर के पास ले गए, जहां उसके हाथ में एक थैला पकड़ाकर भागते हुए वीडियो बनाई गई।
युवक का कहना है कि बाद में उसी वीडियो के आधार पर उसके खिलाफ शराब के 15 पौआ बरामद दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर दिया गया। देर रात उसे थाने से ही जमानत दे दी गई। घर पहुंचने के बाद उसने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद कृपाल ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है जिसमें उसने सिपाही गौरव शर्मा समेत अन्य पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का आरोप है कि उसे झूठे तरीके से मुकदमे में फंसाया गया और वीडियो बनाकर मामला तैयार किया गया। जबकि युवक का कहना है कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ ठेके से शराब का पौआ खरीदकर जा रहा था
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में पुलिस कार्यवाही को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। युवक ने उच्च अधिकारियों से जांच के बाद न्याय की मांग की है हालांकि इस संबंध में थाना पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।।



